आरसीएस पोर्टल लॉन्च: सहकारी सेवाएं हुईं ऑनलाइन, 45 सहायक सहकारी निरीक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र

देहरादून। उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निबंधक सहकारी समितियां कार्यालय के अत्याधुनिक ऑनलाइन आरसीएस पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोग से चयनित 45 सहायक सहकारी निरीक्षकों (वर्ग-2) को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को डिजिटल तकनीक से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। नए पोर्टल के माध्यम से सहकारी समितियों से जुड़ी अधिकांश सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, प्रक्रियाएं सरल होंगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सहकारी समितियों का पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड, शिकायत एवं सुझाव निस्तारण, नामांकन सत्यापन, वार्षिक प्रतिवेदन, ऑडिट प्रबंधन, सदस्यता संबंधी विवरण, दस्तावेज प्रबंधन तथा एमआईएस रिपोर्टिंग जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नव नियुक्त सहायक सहकारी निरीक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि वे विकसित भारत के युवा ब्रांड एम्बेसडर हैं और सहकारिता आंदोलन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी से अपने-अपने ब्लॉक में कम से कम एक बहुद्देशीय सहकारी समिति को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही सरकार की प्रत्येक ब्लॉक में ‘सहकारिता ग्राम’ स्थापित करने की योजना को सफल बनाने में योगदान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पहली नियुक्ति युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है और उन्हें विश्वास है कि नव नियुक्त अधिकारी अपने कार्यों एवं नवाचारों से पहाड़ों के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देंगे। डॉ. रावत ने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही ब्लॉक स्तर पर 100 ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से किसानों, काश्तकारों, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में सहकारिता सचिव डॉ. इकबाल अहमद ने कहा कि सहकारिता विभाग अब जन-जन से जुड़ा विभाग बन चुका है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव नियुक्त अधिकारी सहकारिता आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान संयुक्त निबंधक मंगला प्रसाद त्रिपाठी ने नव नियुक्त सहकारी निरीक्षकों को विभागीय दायित्वों, कार्यप्रणाली और अपेक्षाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकारिता से जुड़े पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

