चर्चित हत्याकांड में फंसाने की कथित साजिश के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार

देहरादून। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने उत्तराखंड के एक चर्चित एवं संवेदनशील हत्याकांड में एक व्यक्ति को कथित रूप से झूठे तरीके से फंसाने और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी भाजपा दुष्यंत कुमार गौतम ने कोतवाली डालनवाला में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलीभगत कर सुनियोजित तरीके से झूठे ऑडियो और वीडियो तैयार किए। शिकायत में कहा गया कि इन सामग्रियों के माध्यम से उनकी, उनकी पार्टी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित कर शांति व्यवस्था भंग करने और उपद्रव फैलाने का प्रयास किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने गहन विवेचना के निर्देश दिए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने बयान, साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में अतिरिक्त धारा 308(6) बीएनएस भी जोड़ी। इसके बाद पुलिस टीम ने 14 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 66 वर्षीय सुरेश राठौर पुत्र स्वर्गीय झड़िया सिंह निवासी शास्त्रीनगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
इस कार्रवाई को कोतवाली डालनवाला पुलिस और पुलिस कार्यालय देहरादून की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मामले की विवेचना और अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

