उत्तरकाशी में ‘रन फॉर योग’ का आयोजन, 75 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई फिटनेस और योग के प्रति जागरूकता

उत्तरकाशी ।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया, जिसमें 75 से अधिक प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग, स्वास्थ्य और फिट जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री अतुल आनंद ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना कर किया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेते हुए योग और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में नितिन कलूड़ा ने प्रथम, कन्हैया नेगी ने द्वितीय तथा नितिन रमोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में कु. शीतल रावत प्रथम, कु. कल्पना पंवार द्वितीय और कु. आरूषी नेगी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को विशिष्ट अतिथि मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. रजनीश सिंह एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रतन मणि भट्ट ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह पांगती तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. मीरा हयांकी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला क्रीड़ा अधिकारी सुश्री निधि बिंजोला एवं जिला क्रीड़ा कार्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। आयोजन ने योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का प्रभावी संदेश भी दिया।

