अनुपस्थित मतदाताओं के घर BLA के साथ जाएं BLO, तीन बार करें विजिट: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) बूथ लेवल एजेंट (BLA) को साथ लेकर जाएं और प्रत्येक ऐसे मतदाता के घर अनिवार्य रूप से तीन बार विजिट करें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य तय समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम और भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में फार्म वितरण और उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन जनपदों में फार्म वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां अब डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने और जिन बूथों पर कार्य की गति धीमी है वहां अतिरिक्त कार्मिकों को हेल्पिंग हैंड के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए।
उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जिन जनपदों में फार्म वितरण पूरा हो चुका है लेकिन संबंधित मतदाता घर पर नहीं मिले हैं, वहां डिजिटाइजेशन के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एबसेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों में बीएलओ गणना फार्म पर अपनी फील्ड रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।

