कर्णप्रयाग हमला प्रकरण: धारदार हथियारों से हमला करने वाले चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन भेजे गए जेल

कर्णप्रयाग हमला प्रकरण: धारदार हथियारों से हमला करने वाले चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन भेजे गए जेल
Spread the love

कर्णप्रयाग ।स्थानीय व्यापारियों और निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद के बाद धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में चमोली पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर तीन अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है, जबकि एक अभियुक्त उपचाराधीन होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले गया और चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी तथा बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए।

घटना के संबंध में पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0-17/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैरियर लगाकर तीन आरोपितों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया गया।

घटना में शामिल चौथे आरोपित को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई। इसके बाद चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन को जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह तथा मनप्रीत सिंह निवासी मोहाली (पंजाब) शामिल हैं। आरोपितों के कब्जे से चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं, जबकि पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त भी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चमोली पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत ऐसे मामलों में कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

इसी दौरान ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए गए चेकिंग अभियान में कोतवाली चमोली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने और वाहन में हॉकी स्टिक रखने के मामले में तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की। पुलिस ने उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी

देवभूमि खबर

Related articles