गतिविधियों में संलिप्त गदरपुर निवासी युवक हिरासत में, मोबाइल जांच में कट्टरपंथी और जिहादी सामग्री मिलने का दावा

Spread the love

देहरादून/उधमसिंहनगर। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से कट्टरपंथी एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक निवासी मजरासीला, गदरपुर, जनपद उधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की पड़ताल में इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई समूहों, चैट्स और कथित रूप से कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से जुड़ी सामग्री मिलने का दावा किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी युवाओं को प्रभावित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने तथा सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के विरुद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था। एसटीएफ का कहना है कि कुछ चैट्स में हथियारों, विस्फोटक सामग्री के भंडारण और आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी पाई गई है, जिसकी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच जारी है।
एसटीएफ की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर देर रात सर्च अभियान चलाकर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर तथा दो एके-47 के कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अथवा ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

एसटीएफ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरोपी को पाकिस्तान से जुड़े एक कथित हैंडलर द्वारा मलेशिया के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। हालांकि इन सभी पहलुओं की विस्तृत जांच अभी जारी है और संबंधित अभिसूचना एजेंसियों को भी अवगत कराया गया है।
मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 एवं 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की देशविरोधी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles