कैबिनेट के फैसले पर आन्दोलनकारी कर्मचारी संगठन ने जताई खुशी

कैबिनेट के फैसले पर आन्दोलनकारी कर्मचारी संगठन ने जताई खुशी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड आन्दोलनकारी कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के अध्यक्ष संतन सिंह रावत ने राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि चयनित आंदोलनकारी आश्रितों को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।

संतन सिंह रावत ने कहा कि कैबिनेट के  निर्णय के बाद लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे चयनित आश्रितों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए संगठन के पदाधिकारियों, विशेष रूप से कोषाध्यक्ष एवं सभी साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र बड़थ्वाल का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन की मांगों को लेकर लगातार प्रभावी पैरवी और दबाव बनाया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

रावत ने कहा कि संगठन की अन्य लंबित मांगों पर भी सरकार शीघ्र कार्रवाई करे, ताकि शेष आंदोलनकारी आश्रितों को भी लाभ मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से शासनादेश संख्या 1269 के तहत नियुक्त हुए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने की मांग दोहराई।
एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री के सचिव (गृह एवं कार्मिक) शैलेश बगोली के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया। संगठन का कहना है कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है।
संतन सिंह रावत ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य आंदोलनकारियों के हितों से जुड़े शेष मामलों पर भी सरकार संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles