नाबालिग किशोरी के अपहरण मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने सकुशल किया बरामद

नाबालिग किशोरी के अपहरण मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने सकुशल किया बरामद
Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना कोतवाली रानीपुर में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।

नाबालिग से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 21 जून 2026 को आरोपी अभिषेक वर्मा उर्फ करन को आर्यनगर चौक, ज्वालापुर से गिरफ्तार कर लिया तथा अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को 15 जून को अपने साथ अमृतसर (पंजाब) लेकर गया था और वहां घूमने के बाद दोनों वापस हरिद्वार लौट आए थे। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम की धाराओं में भी बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक वर्मा उर्फ करन (22 वर्ष) पुत्र चन्द्रपाल वर्मा, मूल निवासी रामपुर बखली, थाना बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी संजय नगर टिबड़ी, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल विवेक गुसाईं और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles