पैतृक भूमि बचाओ आंदोलन को मिला जनसमर्थन, धरने के सातवें दिन पहुंचे जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता
टिहरी। पैतृक भूमि बचाओ संगठन द्वारा चलाए जा रहे धरने के सातवें दिन आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिला। धरना स्थल पर प्रतापनगर के पूर्व जिला पंचायत सदस्य आनंद सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस पदाधिकारी पहुंचे तथा आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य आनंद सिंह रावत ने कहा कि यदि पहाड़ों की जमीन इसी तरह बाहरी लोगों को बिकती रही तो भविष्य में स्थानीय लोगों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के लिए बड़े-बड़े रिसॉर्टों में काम करने को मजबूर होना पड़ सकता है और लोकतांत्रिक अधिकार भी प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी पैतृक भूमि की रक्षा करने और उसे अनावश्यक रूप से न बेचने का आह्वान किया।
पूर्व कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह पवार ने बताया कि आंदोलन के तहत प्रस्तावित कार्यक्रम को स्वर्गीय दीपक के निधन के कारण एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। अब 30 जून को देवताओं के आह्वान के साथ हवन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

