देहरादून में 1 और 2 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में 1 एवं 2 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी), देहरादून ने जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम की ताजा जानकारी और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपदा या आकस्मिक घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

