HTML tutorial
HTML tutorial

रुद्रप्रयाग में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का शुभारंभ

रुद्रप्रयाग में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का शुभारंभ
Spread the love

रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि क्रीड़ा भवन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सेवा सप्ताह के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा।

कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पर्यटन, पशुपालन, डेयरी, उद्योग, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, स्वरोजगार सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों ने मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया।

सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों, महिला मंगल दलों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य एवं नाटिकाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा नशा मुक्ति और मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और स्वरोजगार के क्षेत्र में हुए कार्यों का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं के आगमन को राज्य की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिला है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि सेवा सप्ताह के तहत यह अभियान पूरे पखवाड़े जनपद में चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम को सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

देवभूमि खबर

Related articles