मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, संगठन मजबूती और राष्ट्र सेवा का दिया संदेश
मसूरी। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मसूरी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के मसूरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उनसे मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और राष्ट्र सेवा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. मांडविया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं से नेता बनते हैं, नेता से कार्यकर्ता नहीं।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। साथ ही भाजपा के “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत को आगे बढ़ाते हुए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में लाखों युवाओं ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। आज देश युवाओं से बलिदान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, समर्पण और समाज सेवा की भावना के साथ विकास में भागीदारी की अपेक्षा करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने स्तर पर राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
अपने संबोधन के अंत में डॉ. मांडविया ने कहा कि संगठन में बिना किसी व्यक्तिगत लालच के कार्य करने वाला कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है। उन्होंने अपने मंडल अध्यक्ष से मंत्री बनने तक के सफर का अनुभव साझा करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से पार्टी और संगठन के लिए कार्य करना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
इस अवसर पर मीरा सकलानी, रजत अग्रवाल, आर्यन उनियाल, विजय रमोला, राजेंद्र रावत, विजय बिंदवाल, गुड्डू मोहन राणा, रणवीर कंडारी, अनीता धनाई, कमला थपलियाल, सपना शर्मा, अनिल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

