परिवहन निगम को घाटे से उबारने की तैयारी, पहाड़ी मार्गों पर चलेंगी 50 नई मिनी बसें: मंत्री प्रदीप बत्रा

देहरादून। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार में परिवहन विभाग एवं उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में निर्माणाधीन बस स्टेशनों, राजस्व वृद्धि, नई बसों के संचालन और सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
मंत्री ने बताया कि रामनगर और टनकपुर में निर्माणाधीन बस स्टेशनों का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टेशन उपलब्ध कराए जा सकें।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के बेहतर समन्वय से विभाग के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा सीजन में अब तक परिवहन निगम ने करीब 8 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर किराया कम किए जाने से निगम की बसें यात्रियों की पहली पसंद बनी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड परिवहन निगम को घाटे से बाहर निकालना है। इसके लिए जल्द ही 50 नई मिनी बसें पहाड़ी और छोटे मार्गों पर संचालित की जाएंगी, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से जल्द ही लगभग 140 इलेक्ट्रिक बसें उत्तराखंड को मिलने वाली हैं, जिससे पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग व्यवस्था को और सरल बनाया जा रहा है। अब सीएससी सेंटरों के माध्यम से भी बस टिकट बुक कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा परिवहन विभाग के कार्यालयों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
बैठक में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में सिटी बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना, बसों की मरम्मत, पुराने वाहनों के प्रतिस्थापन, कर्मचारियों की भर्ती, बस स्टेशनों की सुविधाओं, ऑनलाइन बुकिंग, यात्री शिकायतों के निस्तारण तथा तकनीकी उन्नयन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में परिवहन निगम प्राधिकरण के सदस्य संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, उपायुक्त सुनील शर्मा, महाप्रबंधक अनिल सिंह गर्ब्याल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

