बदरी-केदार मंदिर समिति की जांच पर कांग्रेस को भरोसा नहीं, पार्लियामेंट्री कमेटी से जांच की मांग

Spread the love

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा गठित जांच समिति पर सवाल उठाते हुए उसकी निष्पक्षता पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के निजी सचिव पर लगे कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच उन्हीं के अधीन अधिकारियों से कराना निष्पक्ष जांच की कसौटी पर खरा नहीं उतरता।

गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पार्लियामेंट्री कमेटी गठित करने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि इस समिति की अध्यक्षता विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को सौंपी जाए, ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार को भी जांच की निष्पक्षता को लेकर किसी प्रकार का संशय हो, तो मामले की निगरानी के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश को नियुक्त किया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला प्रदेश की आस्था और मंदिर समिति की साख से जुड़ा है। इसलिए मुख्यमंत्री को अपनी सरकार की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सके।

देवभूमि खबर

Related articles