नेहरू कॉलोनी में दिन-दहाड़े रेकी, रात में चोरी करने वाला गैंग बेनकाब, दो गैंगस्टर गिरफ्तार

देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में बंद मकान में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर गैंगस्टर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मोथरोवाला पुल के पास सपेरा बस्ती के पीछे से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को भंडारी चौक निवासी सीता कुकरेती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निसार अली उर्फ लोटा उर्फ मनीष और नासिर उर्फ निन्ना के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दिन के समय अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते और रात में मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई इंडोनेशियन करेंसी, चांदी की पायल, बिछुए, ताबीज, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, ₹1700 नगद, लेडीज पर्स समेत चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड, पेचकस, टॉर्च, चाकू, आरी, कटर, प्लास और अन्य औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल हितेश कुमार, रिंकू कुमार और नीरज सामंत शामिल रहे।

