हरेला पर्व पर प्रदेशभर में रोपे जाएंगे 11 लाख फलदार व औषधीय पौधे, एक लाख चाय के पौधे भी लगेंगे: गणेश जोशी

हरेला पर्व पर प्रदेशभर में रोपे जाएंगे 11 लाख फलदार व औषधीय पौधे, एक लाख चाय के पौधे भी लगेंगे: गणेश जोशी
Spread the love

देहरादून। आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रदेशभर में 11 लाख फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधों के साथ एक लाख चाय के पौधों का रोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि हरेला केवल पौधारोपण का पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का जन अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे पौधों के चयन पर विशेष ध्यान देने को कहा, जो जल स्रोतों के संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण, मिट्टी के कटाव की रोकथाम और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हों।

उन्होंने उद्यान विभाग को आम, अमरूद, लीची, अनार, नींबू, माल्टा, कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण कराने तथा पौधों के वितरण और रोपण की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

गणेश जोशी ने बताया कि इस वर्ष हरेला पर्व पर उद्यान विभाग द्वारा प्रदेशभर में 11 लाख फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधों के साथ एक लाख चाय के पौधों का भी रोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हरेला अभियान के तहत 9 लाख से अधिक फलदार पौधे लगाए गए थे और इस बार लक्ष्य को बढ़ाकर अधिक जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी अधिकतम जीवित रहने की दर बनी रहे और अभियान के उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे हो सकें।

बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles