सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए नैनीताल से 37 श्रद्धालु रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी

रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। जिले के हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा में शामिल होने जा रहे 37 श्रद्धालुओं के दल को नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल की सराहना की।
सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की यह योजना उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कामना की कि श्रद्धालु भगवान सोमनाथ से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त करें।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से लाए गए पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम ले जाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा राज्य सरकार द्वारा पूरी तरह निःशुल्क संचालित की जा रही है। चयनित यात्रियों को वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष, कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

