देहरादून समाधान दिवस में उमड़ा जनसैलाब, 176 शिकायतें दर्ज; बुजुर्ग उत्पीड़न, अवैध कब्जों और घरेलू हिंसा पर प्रशासन सख्त

देहरादून समाधान दिवस में उमड़ा जनसैलाब, 176 शिकायतें दर्ज; बुजुर्ग उत्पीड़न, अवैध कब्जों और घरेलू हिंसा पर प्रशासन सख्त
Spread the love

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों का भारी जनसैलाब उमड़ा। करीब चार घंटे तक चले जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, घरेलू हिंसा, बुजुर्गों के उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, फीस माफी तथा अन्य जनहित से जुड़े कुल 176 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि गंभीर मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

समाधान दिवस में बुजुर्गों और महिलाओं से जुड़े मामलों पर प्रशासन ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। जीवनगढ़ की 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी द्वारा बेटे-बहू पर मकान कब्जाने और मारपीट के आरोप तथा वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर तत्काल जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, पूजा देवी, तुलसी देवी और फूलों देवी द्वारा दर्ज कराई गई घरेलू हिंसा एवं उत्पीड़न की शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन को तुरंत सहायता एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद और जालसाजी से जुड़े मामलों में भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। केदारपुरम की अनीता गुप्ता की रजिस्ट्री में कथित धोखाधड़ी की शिकायत की जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई। झाझरा और कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे तथा प्रेमपुर माफी में भूमि का कब्जा न मिलने की शिकायतों पर संबंधित एसडीएम और अधिकारियों को पैमाइश कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।

जनहित से जुड़े विकास कार्यों में भी त्वरित निर्णय लिए गए। बैंक द्वारा सीज किए गए आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने, शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में तेजी लाने, वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त करने, टोंस नदी पंपिंग योजना एवं सिंचाई परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने तथा श्रावण मास के गणियात और दखडान मेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

समाधान दिवस में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, विभिन्न उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

देवभूमि खबर

Related articles