दून पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 30 लाख से अधिक की स्मैक और 500 ग्राम चरस के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 30 लाख से अधिक की स्मैक और 500 ग्राम चरस के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 100.73 ग्राम अवैध स्मैक और 500 ग्राम चरस बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी स्मैक सहारनपुर और बरेली से खरीदकर लाते थे और स्थानीय नशेड़ियों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।

थाना रायपुर पुलिस ने पेरिस विहार के पास चेकिंग के दौरान आकाश कुमार कनौजिया को 57.80 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बरेली से खरीदकर लाया था।
कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने आईएसबीटी के समीप संडे मार्केट ग्राउंड से दिलशाद निवासी सहारनपुर को 28.30 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 8.5 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक सहारनपुर से खरीदकर लाया था।

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में सैफ उर्फ मुन्ना को 7.20 ग्राम स्मैक तथा रामचंदर निवासी अमरोहा को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान आदि पुत्र सरगम नाथ को 7.43 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आरोपियों से मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और अन्य तस्करों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles