पैनेसिया अस्पताल चोरी का खुलासा, दून पुलिस ने 5 नशेड़ी चोरों को दबोचा; ₹3 लाख का सामान बरामद

देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पैनेसिया अस्पताल में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को पैनेसिया अस्पताल के प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने थाना नेहरू कॉलोनी में अस्पताल में तोड़फोड़ कर सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर विधानसभा मार्ग स्थित एक खंडहर भवन में छापेमारी कर चोरी की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर अस्पताल से चोरी किए गए दो एलईडी टीवी, 17 स्टील की पानी की टोटियां, 13 स्टील एंगल कॉक/वाल्व, दो पीतल की टोटियां, 10 फायर सप्लाई नॉन-रिटर्न वाल्व, विद्युत तार, तांबे की वायर तथा एसी सप्लाई के तांबे के पाइप बरामद किए गए। बरामद सामान की पहचान अस्पताल प्रतिनिधि द्वारा की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार सभी आरोपी नशे के आदी हैं। इनमें से सलमान फेरी लगाने और सोहेल ठेली लगाने का काम करता है। आरोपियों ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अस्पताल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और चोरी का सामान कबाड़ी को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम उर्फ शिबू, सोहेल, कुलदीप, सरीक उर्फ बोना और सलमान शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, अपर उपनिरीक्षक अंशुल बर्तवाल, कांस्टेबल ललित, आशीष, अनिल, सत्यवीर और हर्षवर्धन शामिल रहे।

