रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, सीएम धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, सीएम धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह नई रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समयबद्ध यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है और प्रदेश को वर्ष 2026-27 में रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि यदि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसके संचालन को साप्ताहिक से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने इसे गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाओं की सौगात दी जा चुकी है तथा राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles