36 घंटे में लूट का खुलासा: केलाखेड़ा पुलिस ने बुजुर्ग महिला से कुंडल लूटने वाला आरोपी दबोचा, पूरा माल बरामद

ऊधम सिंह नगर। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए केलाखेड़ा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने के कुंडल लूटने की घटना का मात्र 36 घंटे में खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में थाना केलाखेड़ा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के समन्वय से आरोपी को गिरफ्तार कर लूटे गए दो तोले के सोने के कुंडल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली कि मजरा रहमतुल्ला निवासी एक बुजुर्ग महिला, जो पैरालिसिस से पीड़ित और बोलने में असमर्थ हैं, सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें खेत में धक्का देकर उनके कानों से सोने के कुंडल लूट लिए और फरार हो गया। पीड़िता के पुत्र निशान सिंह की तहरीर पर थाना केलाखेड़ा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, करीब 40 संदिग्धों की पहचान की तथा तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए साक्ष्य जुटाए।
19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोर नदी पुल के पास रामस्वरूप (35 वर्ष) निवासी चंदनपुरा, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में लूटे गए सोने के कुंडल, 380 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गदरपुर की एक राइस मिल में बॉयलर चलाने का काम करता है और रोज आते-जाते बुजुर्ग महिला को अकेले टहलते देखता था। महिला के कानों में सोने के कुंडल देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने सुनसान स्थान पर महिला को खेत में धक्का देकर कुंडल लूट लिए और उन्हें बेचने के लिए रामपुर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद कुंडलों की पहचान पीड़िता के पुत्र निशान सिंह ने अपनी माता के आभूषण के रूप में की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनीष खत्री, उपनिरीक्षक मनोज जलाल, हरीश महर, ललित चौधरी सहित थाना केलाखेड़ा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही

