एसटीएफ-एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद,हरिद्वार में मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार

एसटीएफ-एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद,हरिद्वार में मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि विभाग एवं थाना ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सराय गांव स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के आवास, फ्लैट और वाहन से 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई है। मामले में थाना ज्वालापुर में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक अपने आवास पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।

सूचना पर संयुक्त टीम ने आरोपी के आवास, फ्लैट तथा उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली, जहां से दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी सिरप के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर में सिरप बेचकर अवैध लाभ कमाता था।

पुलिस ने आरोपी आकाश छाबड़ा (23 वर्ष) पुत्र सुरेश छाबड़ा, निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार तथा संचालक, वैभव मेडिकल स्टोर, को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में नशीले सिरप की आपूर्ति करने वाले अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आपूर्ति श्रृंखला की विस्तृत जांच जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी, औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक समीप पांडे, मुख्य आरक्षी संदेश, आरक्षी रवि पंत, आरक्षी दीपक चंदोला, आरक्षी दीपक नेगी, आरक्षी प्रशांत चौहान तथा महिला आरक्षी सुल्ताना शामिल रहे।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ को जानकारी दें। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles