65 लाख की भूमि धोखाधड़ी में एक और आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस की भू-माफियाओं पर लगातार कार्रवाई

देहरादून। भूमि धोखाधड़ी में शामिल भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने 65 लाख रुपये की भूमि धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को पुलिस एक दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को डॉ. शैलेन्द्र तिवारी निवासी हरबर्टपुर, विकासनगर ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन, दीपक व अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि विक्रय के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कोतवाली सहसपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दीपक पुत्र मदन सिंह को 5 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया था।
मामले की आगे की जांच में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दीपक पुत्र स्वर्गीय सुरेश (28 वर्ष), निवासी मेहुवाला खालसा, थाना विकासनगर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी रजनीश सैनी को न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी वीरू की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार (चौकी प्रभारी धर्मावाला), अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी, कांस्टेबल दिनेश चौहान एवं कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।

