नशा तस्करों के मंसूबे नाकाम, 20 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो नशा तस्करों को 26.19 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस टीम ने 7 अगस्त 2026 को चेकिंग के दौरान मो. नदीम और फैसल को प्रेमनगर क्षेत्र से दबोच लिया। दोनों के कब्जे से अलग-अलग मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी नदीम निवासी दक्षिणी खालापार, मुजफ्फरनगर के कब्जे से 14.56 ग्राम तथा फैसल निवासी योगेंद्र पुरी कॉलोनी, मुजफ्फरनगर के कब्जे से 11.63 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुजफ्फरनगर से स्मैक लेकर देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पहुंचे थे। उनका इरादा क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले तथा पीजी और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को स्मैक बेचने का था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी वे प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों को स्मैक सप्लाई कर चुके हैं और उन्हें अच्छा मुनाफा हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करते थे। इस बार भी वे प्रेमनगर क्षेत्र में रुककर देर रात छात्रों को स्मैक सप्लाई करने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली, अपर उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल श्रीकांत मलिक और कांस्टेबल वीरेंद्र भंडारी शामिल रहे।

