17.15 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, नकदी-बाइक और तीन मोबाइल बरामद

सितारगंज। नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने स्मैक तस्करी एवं बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, 8,200 रुपये की नकदी, पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नकुलिया क्षेत्र में लेबर एवं मजदूर सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे पल्सर मोटरसाइकिल पर बैठे आरोपी कुलदीप सिंह (32), निवासी ग्राम नकुलिया, चौकी सिडकुल, कोतवाली सितारगंज के आसपास कुछ युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर युवक मौके से फरार हो गए, जबकि कुलदीप सिंह मोटरसाइकिल मोड़कर घर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे आंगन के बाहर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 17.15 ग्राम स्मैक, 8,200 रुपये नकद, पल्सर बाइक संख्या UK06BM-5190 तथा Vivo, Samsung Galaxy और iPhone 13 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा 50 कागज के टुकड़े, छह फ्यूल पेपर के टुकड़े और 15 पारदर्शी पन्नियां भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से अर्जित होना बताया गया है।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली सितारगंज में एफआईआर संख्या 406/2026, धारा 8/21/60 NDPS Act के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव (कस्बा इंचार्ज), हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल टीएस मरतोलिया, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, कांस्टेबल अशोक बोरा तथा कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहे।
