काशीपुर में सड़क हादसे का निकला हत्या का राज, पत्नी मास्टरमाइंड; दो विधि-विवादित किशोरों की मदद से कराई पति की हत्या

काशीपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई युवक की मौत का महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मृतक की पत्नी निशा ने प्रेम प्रसंग के चलते पति संजीव कुमार की हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने में उसके प्रेमी शिवम सैनी और उसके साथी कर्मजीत सिंह ने मदद की। पुलिस ने दोनों को विधि-विवादित किशोर पाया है।
17 अगस्त की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित अवस्था में मिली थी। कार में संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह, निवासी बाजावाला, काशीपुर, खून से लथपथ मिला था। प्रारंभ में घटना सड़क दुर्घटना प्रतीत हुई, लेकिन पंचायतनामा के दौरान पुलिस को मृतक की गर्दन पर चोट के संदिग्ध निशान मिले। इसके बाद चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली काशीपुर पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान मृतक की पत्नी निशा के बयानों का मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से मिलान किया गया। इस दौरान उसके बयानों में विरोधाभास सामने आए।
पुलिस के अनुसार, मृतक संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी। शिवम सैनी और कर्मजीत सिंह उसके यहां हेल्पर के तौर पर काम करते थे। इसी दौरान शिवम का संजीव के घर आना-जाना बढ़ा और उसकी निशा से प्रेम संबंध हो गए। पति-पत्नी के बीच होने वाले विवादों की जानकारी निशा शिवम को देती थी। इसके बाद दोनों ने संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और शिवम ने कर्मजीत को भी साजिश में शामिल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को शिवम के जन्मदिन के बहाने तीनों संजीव की कार से रामनगर गए। वहां हत्या का मौका नहीं मिलने पर वे वापस काशीपुर की ओर लौटे। राजपुर रोड, थारी के पास कार चलाते समय पीछे बैठे कर्मजीत ने 12 बोर के तमंचे से संजीव की गर्दन में गोली मार दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। इसके बाद दोनों आरोपी संजीव को कार में छोड़कर फरार हो गए और शिवम ने फोन कर निशा को वारदात की जानकारी दी।
पुलिस ने लगातार दबिश देकर 19 अगस्त को कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित मालवा फार्म पुलिया के पास शिवम और कर्मजीत को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी निशा की भी हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना के दौरान शिवम और कर्मजीत के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की जांच में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। उनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान निशा पत्नी स्व. संजीव कुमार, निवासी बाजावाला, पोस्ट ढकिया नं.-01, कोतवाली काशीपुर के रूप में हुई।
पुलिस टीम में कोतवाली काशीपुर के एसएसआई नवीन बुधानी सहित एसआई कौशल भाकुनी, मनोज सिंह धौनी, मीना रावत, गणेश पांडे, संजय सिंह, कंचन पडलिया, गिरीश चन्द्र सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसओजी काशीपुर टीम में एसआई सुनील सुतेड़ी, कांस्टेबल इमरान और कांस्टेबल हरीश शामिल रहे।
