SIR-2026 में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी करेंगे 9 IAS/PCS अधिकारी

SIR-2026 में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी करेंगे 9 IAS/PCS अधिकारी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने 9 IAS/PCS अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार जिले में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नंद कुमार और गोपाल राम बिनवाल, नैनीताल जिले में संजय कुमार और विनीत तोमर, जबकि ऊधम सिंह नगर जिले में प्रकाश चंद्र दुम्का, जय किशन और दिवेश शाशनी को पर्यवेक्षण अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

नामित अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, तामीली और सुनवाई की प्रक्रिया की निगरानी के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करना शामिल है।

पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से सप्ताह में दो बार मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए Manual on Electoral Roll-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया और रिपोर्टिंग प्रारूप का अनुपालन किया जाएगा।

आदेश के अनुसार निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी निर्वाचन आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

देवभूमि खबर

Related articles