HTML tutorial
HTML tutorial

तीज के रंग में रंगी पुलिस लाइन देहरादून, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

तीज के रंग में रंगी पुलिस लाइन देहरादून, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह
Spread the love

देहरादून। हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ भव्य तीज समारोह मनाया। कार्यक्रम में लोकगीतों, नृत्य, संगीत, तीज के झूलों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। समारोह मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची पुलिस परिवार की महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

हरियाली तीज समारोह के दौरान आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में श्रीमती सुनीता जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। श्रीमती रजनी रावत फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि श्रीमती नेहा और श्रीमती पार्वती सेकंड रनरअप रहीं।

बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में कु. भूमि ने प्रथम, कु. रागनी ने द्वितीय और श्रीमती पूजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह और अभिनव राणा तथा NEET परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार को व्यस्तताओं के बीच खुशियों के पल साझा करने, आपसी जुड़ाव मजबूत करने और परिवार में प्रेम, सहयोग एवं सौहार्द की भावना बढ़ाने का अवसर देते हैं।

समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तीज के झूले, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। समारोह पुलिस परिवार की एकजुटता, महिला प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम बनकर सामने आया।

इस अवसर पर श्रीमती गौरी सेठ, श्रीमती सोनू, श्रीमती तनवी सिंह, श्रीमती सरोज, श्रीमती निधि, श्रीमती रेनू लोहानी, अपर पुलिस अधीक्षक, श्रीमती अनिता अंथवाल, श्रीमती पूर्णिमा गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक कार्मिक, श्रीमती जूही मनराल, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय सहित अन्य अतिथिगण एवं पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सरिता डोबाल, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय, श्रीमती जया बलोनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, श्रीमती ऐश्वर्या, श्रीमती वंदना वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक देहरादून, श्रीमती भावना पंत, श्रीमती अंजू रावत सहित कु. निधि और श्रीमती सुमन द्वारा किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles