नकरौंदा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। अवैध शराब की तस्करी, बिक्री एवं भंडारण की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी टीम ऋषिकेश ने नकरौंदा, डोईवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में 10 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 11 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम ने नकरौंदा टी-प्वाइंट पर कार्रवाई करते हुए विजय सिंह पुत्र नरसिंह, निवासी नकरौंदा को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
इसके बाद टीम ने नकरौंदा स्थित पंवार एंक्लेव में एमपी रेस्टोरेंट की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रेस्टोरेंट से नौ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर शराब की बिक्री करते हुए रिंकू सरोज पुत्र नियुक्त सरोज, निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी केयर ऑफ मुकेश पंवार, पंवार एंक्लेव नकरौंदा को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण के आरोप में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल रीना, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे। आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
