ऋषिकेश में आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, तीन आरोपी गिरफ्तार; साढ़े 12 पेटी अवैध शराब बरामद

ऋषिकेश। अवैध शराब की तस्करी, परिवहन, बिक्री एवं भंडारण की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत ऋषिकेश आबकारी टीम ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल साढ़े 12 पेटी अवैध शराब तथा 60 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की।
आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने 10 सितंबर 2026 को सुबह ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान सूरज वर्मा पुत्र मनोज वर्मा, निवासी श्यामपुर बाईपास, ऋषिकेश को मोटरसाइकिल संख्या UK 14 F 9018 से 60 पाउच माल्टा देशी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए आबकारी टीम ने शाम के समय नकरौंदा, डोईवाला एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ छापेमारी की। नकरौंदा टी-प्वाइंट पर टीम ने विजय सिंह पुत्र नरसिंह, निवासी नकरौंदा को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से दो पेटी अवैध शराब बरामद की।
इसके बाद टीम ने नकरौंदा स्थित पंवार एंक्लेव में एमपी रेस्टोरेंट की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रेस्टोरेंट से नौ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर अवैध शराब की बिक्री करते हुए रिंकू सरोज पुत्र नियुक्त सरोज, निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी केयर ऑफ मुकेश पंवार, पंवार एंक्लेव नकरौंदा को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग की ओर से तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं भंडारण के आरोप में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई में एक ही दिन में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल साढ़े 12 पेटी अवैध शराब और 60 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल रीना, आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे।
