हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे में लूट का किया खुलासा, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे में लूट का किया खुलासा, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर की गई लूट की घटना का हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो एफ-29 प्रो मोबाइल फोन, एक हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 9 सितंबर 2026 को वादी मनीराम पुत्र चांद सिंह, निवासी डेलना, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार ने थाना भगवानपुर में तहरीर दी थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराते-धमकाते हुए उनका ओप्पो एफ-29 प्रो मोबाइल फोन और 2,420 रुपये नगद लूट लिए।

तहरीर के आधार पर थाना भगवानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 380/2026 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं घटना के अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के दिशा-निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल तथा घटना से जुड़े आने-जाने वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट संकलित कर उनका विश्लेषण किया। इसके साथ ही क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश तेज की गई। पुलिस के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप 10 सितंबर 2026 को घटना में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौहम्मद उमर पुत्र आफताब, निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार, शाहनवीर पुत्र इस्फाक, निवासी सिरचन्दी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार तथा फैजान पुत्र इरफान, निवासी सिकन्दरपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो एफ-29 प्रो मोबाइल फोन, एक हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूके17जेड-3041, एक देशी तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में धारा 3(5), 61, 317(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 3/25(1-B)(A) आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लूट की घटना के सफल अनावरण में उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर, कांस्टेबल राजेन्द्र वर्मा, कांस्टेबल सन्दीप राणा, कांस्टेबल उवैद एवं कांस्टेबल रविन्द्र राणा शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles