नंदा देवी मेले को लेकर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने की बैठक, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

अल्मोड़ा। आगामी मां नंदा देवी मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय सभागार में जिला प्रशासन, मंदिर समिति, नगर पालिका, व्यापार मंडल, विद्युत विभाग, जल विभाग एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए और सामने आई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों और संकरी गलियों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मेले के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने तथा अराजक एवं संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यातायात, सुरक्षा, विद्युत, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कमियों को समय रहते दूर किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मां नंदा देवी मेले को भव्य, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह, आरआई रेडियो उमाशंकर पांडे, मेला समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जिला उपाध्यक्ष वंदना वर्मा, मंदिर समिति सचिव मनोज सनवाल, नगर अध्यक्ष रिक्खू साह, नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
