प्राविधिक शिक्षा विभाग को मिले 9 कर्मशाला अधीक्षक, डॉ. धन सिंह रावत ने वितरित किए नियुक्ति पत्र

देहरादून। प्राविधिक शिक्षा विभाग को 9 नए कर्मशाला अधीक्षक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन कर्मशाला अधीक्षकों को तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर डॉ. रावत ने सभी नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विभागीय कार्यों और दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने की अपेक्षा जताई।
नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों में शिवानी पोखरियाल, नीलू, शिखा वर्मा, नवजोत, रवि जोशी, अरुण तोमर, नीरज कुमार डंडरियाल, अभिषेक सिंह नेगी तथा नीलमणि शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेशभर के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में नियुक्ति दी गई है।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में कर्मशाला अधीक्षकों की नियुक्ति से विभिन्न अभियंत्रण विभागों में कार्यशालाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सकेगा। इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण मिलेगा और उनमें अभियंत्रण की गहरी समझ, कौशल विकास तथा वास्तविक समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित होगी।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
इस अवसर पर उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप सचिव आईआरडीटी अभिषेक सिंह, सहायक सचिव आईआरडीटी सचिन कुमार, सहायक निदेशक प्राविधिक शिक्षा सचिन भारती सहित विभागीय अधिकारी, नवनियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
