भ्रामक दावों वाले खाद्य तेल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, निर्माता कंपनी, अमेजन और अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को नोटिस

भ्रामक दावों वाले खाद्य तेल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, निर्माता कंपनी, अमेजन और अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को नोटिस
Spread the love

हरिद्वार,। भ्रामक विज्ञापनों एवं खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे गलत दावों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य तेल उत्पाद के लेबल, विज्ञापन और ई-कॉमर्स मंच पर प्रदर्शित जानकारी की जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर निर्माता कंपनी, अमेजन तथा अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा प्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल, इसके प्रचार-प्रसार तथा ई-कॉमर्स मंच अमेजन पर प्रदर्शित उत्पाद संबंधी जानकारी की जांच की गई। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।

विभाग के अनुसार उक्त खाद्य तेल के लेबल पर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह की तस्वीर के साथ ‘खाना बनाओ, स्वाद पाओ’ टैगलाइन का इस्तेमाल करते हुए उत्पाद का प्रचार किया गया है। इसके साथ ही लेबल पर फोर्टिफाइड फूड का लोगो भी प्रदर्शित किया गया है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की जांच में पाया गया कि निर्माता कंपनी मेसर्स तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, आगरा द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से फूड फोर्टिफाइड लोगो का प्रमाणन कराए बिना कथित रूप से उक्त लोगो का उपयोग किया गया। विभाग ने इसे उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाला मामला मानते हुए कंपनी से इस संबंध में दस्तावेजों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।

इसके अलावा खाद्य तेल के लेबल पर किए गए विभिन्न दावों एवं स्वास्थ्य संबंधी दावों के संबंध में भी निर्माता कंपनी से दस्तावेजी प्रमाण मांगे गए हैं। कंपनी को अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह के साथ किए गए विज्ञापन एवं उत्पाद समर्थन की शर्तों तथा सहमति पत्र की प्रति भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को जारी नोटिस में खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं उत्पाद समर्थन से संबंधित समझौते और सहमति पत्र की प्रतियां उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही उत्पाद के विज्ञापन में किए गए दावों तथा फोर्टिफाइड फूड लोगो के इस्तेमाल के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

वहीं, अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, हुबली, कर्नाटक को भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग के अनुसार अमेजन पर उक्त खाद्य तेल को ऑनलाइन उपलब्ध कराते समय उत्पाद की जानकारी अतिशयोक्तिपूर्ण दावों एवं कथित गलत जानकारियों के साथ प्रदर्शित की गई। इस संबंध में कंपनी से संबंधित दावों और जानकारियों के समर्थन में दस्तावेजों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य उत्पादों के लेबल, विज्ञापन और ऑनलाइन मंचों पर उपभोक्ताओं को दी जाने वाली जानकारी में भ्रामक दावों एवं अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles