बद्रीनाथ धाम के दुकानदार से साइबर ठगी, चमोली पुलिस ने ₹32 हजार की पूरी रकम कराई वापस

बद्रीनाथ धाम के दुकानदार से साइबर ठगी, चमोली पुलिस ने ₹32 हजार की पूरी रकम कराई वापस
Spread the love

चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में धार्मिक सामग्री की दुकान संचालित करने वाले एक दुकानदार के खाते से साइबर ठगों द्वारा उड़ाई गई ₹32 हजार की पूरी धनराशि चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वापस करा दी गई। अपनी रकम वापस मिलने पर पीड़ित दुकानदार ने बद्रीनाथ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।

जानकारी के अनुसार 14 अगस्त 2026 को श्री बद्रीनाथ धाम में शंख एवं अन्य धार्मिक सामग्री की दुकान संचालित करने वाले शिवा राव के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी कर ₹32,000 की धनराशि निकाल ली थी। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही शिवा राव ने थाना श्री बद्रीनाथ पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बद्रीनाथ पुलिस ने बिना देरी के कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने संबंधित खातों की जानकारी जुटाते हुए ठगी की रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई की। इसके साथ ही संबंधित बैंक एवं कंपनियों से लगातार समन्वय और पत्राचार करते हुए धनराशि वापस कराने के प्रयास किए गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप साइबर ठगी की पूरी ₹32,000 की धनराशि पीड़ित शिवा राव के खाते में वापस करा दी गई।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल, मुख्य आरक्षी चन्दन नगरकोटी, आरक्षी आशुतोष तिवारी एवं आरक्षी राजेन्द्र रावत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles