उत्तराखंड में कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’ शुरू, युवाओं के लिए रोजगार और गांवों में काम की उठेगी आवाज

उत्तराखंड में कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’ शुरू, युवाओं के लिए रोजगार और गांवों में काम की उठेगी आवाज
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के सीमित अवसरों को लेकर प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर की उपस्थिति में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। बैठक में प्रदेश में युवाओं को रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर काम के अवसर उपलब्ध कराने के मुद्दे पर गंभीर चर्चा की गई।

ललित फर्स्वाण ने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज रोजगार की तलाश में भटकने को मजबूर है। सरकार रोजगार और स्वरोजगार के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के अधिकार का काम और सम्मानजनक रोजगार मांगना है।

उन्होंने बताया कि अगले दो महीने के भीतर प्रदेश के सभी 13 जिलों में प्रत्येक जिले के कम से कम एक ब्लॉक में ‘काम मांगो अभियान’ चलाया जाएगा। प्रथम चरण में चमोली के साथ हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों में अभियान की शुरुआत की जाएगी।

राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार को ठोस और दीर्घकालिक रोजगार नीति बनानी चाहिए।

उन्होंने सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान को जनपद, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाकर युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की रोजगार संबंधी समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा तथा सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ, हल्द्वानी महानगर विजय, ऊधमसिंहनगर प्रभारी विमल शाहू, रुड़की जिला प्रभारी मो. ईशा त्यागी, संयोजक महेश त्रिकोटी, हल्द्वानी जिलाध्यक्ष राधा आर्य, मनोज बिष्ट, कोटद्वार जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र नेगी, उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष हंसपाल बिष्ट, पौड़ी जिलाध्यक्ष मुकेश बिष्ट और प्रदेश महासचिव हेम पगडिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles