SOG अल्मोड़ा की कार्रवाई, 2.51 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

अल्मोड़ा। जनपद में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत एसओजी अल्मोड़ा टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 8.39 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 2 लाख 51 हजार 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर जनपद में अवैध रूप से स्मैक, गांजा, चरस एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 सितंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के निकट मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा श्रीमती भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में एसओजी टीम ने कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान बेस तिराहे से होटल मैनेजमेंट की ओर जाने वाले पहले मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे से एक युवक के कब्जे से 8.39 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल, उम्र 25 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र, निवासी बेस अस्पताल कैंपस, सरकारी आवास, थाना एवं जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली अल्मोड़ा में मुकदमा संख्या 95/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक्स की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला एवं कांस्टेबल राकेश खेतवाल, एसओजी अल्मोड़ा शामिल रहे।
