HTML tutorial
HTML tutorial

रामनगर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.553 किलो गांजा बरामद; दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

रामनगर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.553 किलो गांजा बरामद; दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार
Spread the love

रामनगर/नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल नेतृत्व में नैनीताल पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे और उनके घरों से कुल 7.553 किलोग्राम अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया बनाने में प्रयुक्त पन्नियां बरामद की हैं।

नशा मुक्ति अभियान के तहत जनपद में लगातार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों पर निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

14 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुल्लरघट्टी क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कामेश त्यागी के घर के कमरे से 800 ग्राम अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया बनाने में प्रयुक्त पन्नियां बरामद हुईं। पुलिस ने उसे मौके पर गांजे की पुड़िया बनाते हुए गिरफ्तार किया।

इसके अलावा विजय सागर के कमरे से 465 ग्राम गांजा, भरत उर्फ बब्लू के कमरे से 975 ग्राम गांजा और पन्नियां बरामद की गईं। अजीम के घर पर दबिश के दौरान उसकी पत्नी नाजिया गांजे की पुड़िया बनाते हुए मिली। उसके कब्जे से 3.798 किलोग्राम अवैध गांजा और पन्नियां बरामद हुईं। वहीं नगमा के कब्जे से 1.405 किलोग्राम गांजा और पुड़िया बनाने में प्रयुक्त पन्नियां बरामद की गईं।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कामेश त्यागी पुत्र नन्हे सिंह, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, रामनगर, उम्र 29 वर्ष; भरत उर्फ बब्लू पुत्र भगवान दास, उम्र 52 वर्ष; विजय सागर पुत्र भगवान दास, उम्र 46 वर्ष; नाजिया पत्नी अजीम, उम्र 23 वर्ष और नगमा पत्नी मोहसीन, उम्र 28 वर्ष, सभी निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल को गिरफ्तार किया।

बरामदगी के आधार पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 289/26, 290/26 और 291/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्त कामेश त्यागी के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में पूर्व से एनडीपीएस अधिनियम के दो अभियोग भी पंजीकृत हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी पीरूमदारा उपनिरीक्षक वीरेन्द्र बिष्ट, चौकी प्रभारी मालधन उपनिरीक्षक मनोज सिंह अधिकारी, चौकी प्रभारी ढेला उपनिरीक्षक जोगा सिंह, चौकी प्रभारी गर्जिया उपनिरीक्षक हर्ष बहादुर पाल, उपनिरीक्षक सुष्मिता राणा, हेड कांस्टेबल गगन भण्डारी, हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल महबूब आलम, कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल अशोक कम्बोज, कांस्टेबल अमित गहलोत, कांस्टेबल विनित चौहान, महिला कांस्टेबल उषा और महिला कांस्टेबल ह्रदेश कौर शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles