कैम्पटी में 10 लाख की ज्वैलरी चोरी का 8 घंटे में खुलासा, शत-प्रतिशत माल बरामद; अभियुक्त गिरफ्तार

टिहरी । टिहरी पुलिस ने कैम्पटी क्षेत्र में हुई करीब 10 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी का लगभग आठ घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
जनपद में अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
14 सितंबर 2026 को स्वराज सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी थत्यूड़-कैम्पटी मोटर मार्ग, कैम्पटी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा घर में रखी ज्वैलरी चोरी कर ली गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर 15 सितंबर 2026 को कोतवाली कैम्पटी में मुकदमा संख्या 42/2026, धारा 303(2)/331(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। मुकदमे की विवेचना चौकी प्रभारी नैनबाग उपनिरीक्षक मंगेश कुमार ने शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुराग-पतारसी तथा उपलब्ध तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार की गई जांच के परिणामस्वरूप अभियुक्त की पहचान कर उसे 15 सितंबर 2026 को चोरी की ज्वैलरी सहित गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजन राणा पुत्र चन्दर सिंह राणा, निवासी ग्राम रणगांव, कोतवाली कैम्पटी, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी बरामद की। बरामद माल में पीली धातु का गले का हार, मांग टीका, नथ, लड़ी लगे झुमकों की एक जोड़ी, अंगूठी तथा सफेद धातु की पायल की एक जोड़ी शामिल है। बरामद ज्वैलरी की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार राजन राणा के विरुद्ध थाना मसूरी, जनपद देहरादून में पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में धारा 379, 411 भारतीय दंड संहिता तथा वर्ष 2024 में धारा 380, 457, 411 भारतीय दंड संहिता के तहत अभियोग शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नैनबाग उपनिरीक्षक मंगेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक बाबू खाँ, हेड कांस्टेबल मैराज आलम, हेड कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल चालक राकेश सिंह शामिल रहे।
