सीबीआई ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी मामले में बिल्डर कंपनी के पांच पूर्व प्रमोटरों/निदेशकों के खिलाफ 21वीं चार्जशीट दाखिल की

मुंबई। घर खरीदारों से बड़े पैमाने पर कथित धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। सीबीआई ने मेसर्स एक्मे रियल्टीज प्राइवेट लिमिटेड और उसकी होल्डिंग कंपनी मेसर्स एक्मे हाउसिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के पांच पूर्व प्रमोटरों/निदेशकों के खिलाफ 21वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह कार्रवाई मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व स्थित ग्राम मजास, सर्वोदय नगर में विकसित किए जा रहे आवासीय प्रोजेक्ट ‘एक्मे बुलेवार्ड’ से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में की गई है।
सीबीआई के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर घर खरीदारों को झूठे आश्वासन और भ्रामक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावित किया तथा अवैध एवं धोखाधड़ीपूर्ण तरीकों से उनसे आर्थिक लाभ प्राप्त किया। जांच के दौरान मामले में आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य सामने आने के बाद सक्षम न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
चार्जशीट मुंबई के एस्प्लेनेड कोर्ट स्थित तृतीय न्यायालय के माननीय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई मामले) के समक्ष दाखिल की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग तथा बेईमानी से चोरी की संपत्ति प्राप्त करने से संबंधित भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
सीबीआई वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद देशभर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों से जुड़े 32 अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। इन मामलों में घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी और धन के कथित डायवर्जन से संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है।
सीबीआई इससे पहले 20 मामलों में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें मेसर्स रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स जयप्रकाश इन्फ्राटेक लिमिटेड, मेसर्स एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, मेसर्स शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स निनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड, मेसर्स डिसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स रुद्र बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलपी, मेसर्स साहा इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स एमकेएचएस हाउसिंग एलएलपी, मेसर्स ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स अर्थकॉन यूनिवर्सल इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स अजनाारा इंडिया लिमिटेड से जुड़े मामले शामिल हैं। कुछ मामलों में बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई ने कहा है कि आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक स्तर पर होने वाली धोखाधड़ी के मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी रहेगी। विशेष रूप से आम नागरिकों और घर खरीदारों के हितों को प्रभावित करने वाले मामलों में एजेंसी ने कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
