12-13 अक्टूबर को देहरादून आएगा निर्वाचन आयोग का उच्चस्तरीय दल

जिलाधिकारी ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल 12 और 13 अक्टूबर को देहरादून का भ्रमण कर जनपद में निर्वाचन व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लेगा। भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विभागों में उपलब्ध कार्मिकों का अद्यतन विवरण शीघ्र तैयार करने को कहा। साथ ही निर्वाचन के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का आकलन करते हुए अतिरिक्त मशीनों की आवश्यकता का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से पूरी करने को कहा।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील सहित सभी मतदान केंद्रों की मैपिंग का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधानसभा निर्वाचन से संबंधित निविदा प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक समितियों का गठन भी शीघ्र करने को कहा। पुलिस विभाग को उपलब्ध सुरक्षा बलों का विवरण तैयार करने तथा निर्वाचन के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर समय पर मांग भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित निर्वाचन के लिए कार्मिकों के प्रशिक्षण, मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी, ईवीएम वेयरहाउस तथा मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्वाचन तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद रहे। सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
