बीएस नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानाचार्य और 53 छात्राओं ने एक साथ किया रक्तदान, जरूरतमंद मरीजों के लिए दिया जीवन का उपहार

देहरादून। सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए ओएनजीसी कौलागढ़ स्थित बीएस नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं ने रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय पहल की। रणजीत सिंह वर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 53 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हुए 53 यूनिट रक्त दिया। छात्राओं की इस पहल ने जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद जगाने के साथ ही समाज को रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
ट्रस्ट के सचिव एवं कार्यक्रम आयोजक मोहन सिंह खत्री ने कहा कि देहरादून में पहली बार एक साथ 53 छात्राओं द्वारा रक्तदान किया जाना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद मरीज के लिए रक्त की प्रत्येक बूंद अनमोल होती है। स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा ने छात्राओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति जिम्मेदारी भी है। एक रक्तदाता का योगदान किसी जरूरतमंद परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।
शिविर में संस्थान की प्रधानाचार्य नमिता ममगाई ने भी रक्तदान कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। संस्थान की ओर से ट्रस्ट अध्यक्ष अजय वर्मा और सचिव मोहन सिंह खत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूनम भंडारी ने किया।
दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने शिविर में रक्त संग्रह किया। चिकित्सक डॉ. सुनीति काला सहित स्वास्थ्यकर्मी इस दौरान मौजूद रहे। कार्यक्रम में इंद्रजीत कोर, संध्या लिम्बु, किरण नेगी सहित संस्थान की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर मोहन सिंह खत्री ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा रक्तदान के इस मानवीय अभियान को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया।


