चंडीगढ़ नगर निगम का स्वच्छता निरीक्षक पांच लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

चंडीगढ़। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चंडीगढ़ नगर निगम में तैनात एक स्वच्छता निरीक्षक को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने 7 अक्टूबर 2026 को आरोपी स्वच्छता निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की फर्म के लंबित और भविष्य के बिलों को मंजूरी देने तथा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 14 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी ने कथित तौर पर रिश्वत नहीं देने पर बिल रोकने और फर्म का ठेका रद्द कराने की धमकी भी दी थी।
सीबीआई ने 7 अक्टूबर को जाल बिछाकर आरोपी को चंडीगढ़ नगर निगम में कार्यरत ठेकेदार से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह रकम 14 लाख रुपये की कथित रिश्वत में पहली किस्त के रूप में दी जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी के आवास और कार्यालय परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ-साथ अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी को आज चंडीगढ़ की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।


