10 लाख रुपये की रिश्वत लेते पंचकूला में सीजीएसटी अधीक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार

पंचकूला। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के पंचकूला में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग के एक अधीक्षक को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधीक्षक ने एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्रवाई में राहत देने और भारी जुर्माना व अतिरिक्त मांग नोटिस जारी नहीं करने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
सीबीआई के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को शिकायत के आधार पर आरोपी अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता एक निजी फर्म में साझेदार है। आरोप है कि अधीक्षक ने फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले शुरुआत में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह रकम घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई, जिसमें पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये देने की बात तय हुई।
सीबीआई द्वारा की गई मांग के सत्यापन की कार्रवाई में रिश्वत मांगे जाने के आरोप की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने रिश्वत की मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी थी और इसमें से 10 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में स्वीकार करने पर सहमति जताई थी।
इसके बाद सीबीआई ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया। इस दौरान सीजीएसटी अधीक्षक को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है।
सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी के अनुसार, रिश्वतखोरी के इस मामले में जांच जारी है।


