हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले 31 भिक्षुक गिरफ्तार

हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने और रास्ता रोककर जबरन भीख मांगने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाकर 31 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से गंगा स्नान के लिए हरकी पैड़ी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर कुछ लोग जबरन भीख मांगकर परेशान कर रहे थे। शिकायतों और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर को क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 31 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस ने श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की सलाह दी। उन्हें अपने मोबाइल फोन, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी, कांस्टेबल रमेश, मान सिंह, भूपेन्द्र गिरी, अमित कुमार, रितेश कुमार और नितिन रावत शामिल रहे।


