कौशल प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने पर जोर, जिलाधिकारी बागेश्वर ने योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

बागेश्वर।। जनपद में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कौशल समिति की बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना, पीएम-सेतु योजना तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षण संस्थानों को प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का विवरण साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर प्रशिक्षण की उपयोगिता, प्रशिक्षित युवाओं को मिले रोजगार और प्रशिक्षण के परिणामों का आकलन किया जा सकेगा। इससे कौशल विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को किसानों, विशेषकर महिला किसानों के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और आजीविका संवर्धन से जुड़े नए प्रयोगों की जानकारी दी जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना के संबंध में जिलाधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने डिग्री कॉलेजों में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे युवाओं को योजना की जानकारी मिलने के साथ ही पंजीकरण का अवसर भी मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


