HTML tutorial
HTML tutorial

STF और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो अवैध तमंचों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

STF और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो अवैध तमंचों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ और रुड़की पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त ऑल्टो कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

एसटीएफ को मिली सूचना के आधार पर देहरादून एसटीएफ की टीम ने रुड़की के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान ऑल्टो कार में सवार दो युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध हथियारों की बिक्री करने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में तमंचे बेचने के लिए आने की बात बताई। उनके अनुसार, हथियार खरीदने वाला व्यक्ति मौके पर मिलने वाला था। हालांकि, आरोपियों ने उसकी पहचान की जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदार के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (21 वर्ष), पुत्र अमित कुमार, निवासी कृष्णा नगर, गली नंबर 9, गंगनहर, हरिद्वार तथा हर्ष (22 वर्ष), पुत्र जगपाल सिंह, निवासी आजाद नगर, पनियाला रोड, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और एक ऑल्टो कार बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ की टीम में निरीक्षक एनके भट्ट, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, प्रमोद पंवार, महेंद्र नेगी, गौरव चौधरी और कांस्टेबल कादर शामिल रहे। रुड़की पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल सोबन सिंह और कांस्टेबल गुलबहार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles