HTML tutorial
HTML tutorial

कुंभ-2027 में 15 मार्च को हरिद्वार में होगा देव डोलियों का अमृत स्नान

कुंभ-2027 में 15 मार्च को हरिद्वार में होगा देव डोलियों का अमृत स्नान
Spread the love

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और जनआस्था की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। आगामी 15 मार्च 2027 को हरिद्वार में उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान होगा, जबकि 14 मार्च को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन और देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में देव डोलियों की शोभायात्रा, आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों, पारंपरिक स्वरूप और गंगा स्नान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में देव डोलियों के साथ आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बेहतर बनाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। शोभायात्रा के दौरान आवागमन, ठहराव और स्नान की व्यवस्थाओं के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान को पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप बनाए रखते हुए देव डोलियों के आवागमन, ठहराव, स्नान तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। मेला प्रशासन समिति और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों के आगमन और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी और 15 मार्च को हरिद्वार में उनका अमृत स्नान होगा।

बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, विपिन जोशी, बंशीधर पोखरियाल, द्वारिका भट्ट, रमेश पैन्यूली, गजेंद्र सिंह कंडियाल, भगवान सिंह रांगड़, प्रमोद डोभाल, जसराम ढोंढियाल, मुकेश जोशी और आचार्य भवानी दत्त मैंदोलिया सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles