हरिद्वार पुलिस ने ₹80 लाख से अधिक की साइबर ठगी के नेटवर्क का किया खुलासा, 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने साइबर अपराध के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना मंगलौर पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के माध्यम से विभिन्न राज्यों में 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। इनमें से एक बैंक खाते के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज थीं।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल बैंक खाते का विवरण सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में बैंक खाता संख्या 57410110000747 के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। इस संबंध में कोतवाली मंगलौर में मुकदमा अपराध संख्या 391/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 66डी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान संदिग्ध बैंक खाताधारक की जानकारी जुटाई गई, जिसमें आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अपने नाम से कुल छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गईं। इन छह बैंक खातों के जरिए 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को फोन और अन्य माध्यमों से लॉटरी लगने तथा इनाम मिलने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद पीड़ितों से धोखाधड़ी कर प्राप्त धनराशि को एटीएम के माध्यम से नकद निकालता था और फिर अन्य लाभार्थी बैंक खातों में हस्तांतरित कर देता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद बैंक दस्तावेजों और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और खातों का पता लगाया जा सके।
पुलिस टीम: कोतवाली मंगलौर पुलिस।


